वाराणसी: दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में पूर्वांचल के युवा सड़कों पर उतर आए हैं। वाराणसी समेत आसपास के जिलों में बुधवार को छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में भारी संख्या में जुटे छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के विरोध में विद्यापीठ परिसर में सुबह से ही छात्रों का जमावड़ा रहा। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया।
बीएचयू में तीन दिन से जारी आंदोलन
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में भी छात्रों का विरोध प्रदर्शन पिछले तीन दिनों से लगातार जारी है। बुधवार को भी परिसर के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शन के मद्देनजर पूरे वाराणसी में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के आसपास भी सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
छात्रों का आरोप है कि दिल्ली में उनके सहयोगियों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई बर्बरतापूर्ण थी। वे NEET पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, लेकिन संवेदनशील इलाकों में पुलिस सतर्क नजर आ रही है। स्थानीय प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था कर रखी है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374