Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

मेरठ : सांप के जहर और नशीली दवाओं की तस्करी का बड़ा एंगल, पुलिस मुख्य तस्करों के करीब - INA NEWS

मेरठ : हस्तिनापुर में हुए चर्चित अतुल हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी जांच तेजी से चल रही है और अब मामला आपसी रंजिश से आगे बढ़कर वन्यजीव तस्करी व नशीली दवाओं की सुनियोजित तस्करी तक पहुंच गया है।

पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शुरुआती जांच में यह मामला सामान्य हत्या या आपसी विवाद का लग रहा था, लेकिन अब पुलिस सूत्रों के अनुसार इसमें कॉमन करैत सांप के जहर और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की तस्करी का गहरा लिंक सामने आया है।

सुनियोजित साजिश का खुलासा
जांच के मुताबिक, आरोपियों ने अतुल को पहले नशीले पदार्थ का ओवरडोज दिया और फिर जहरीले सांप से डंकवाकर हत्या को प्राकृतिक सर्पदंश का रूप देने की कोशिश की। पुलिस अब उन मेडिकल स्टोर्स और सप्लायर्स की तलाश कर रही है, जिनसे हत्या में इस्तेमाल की गई नशीली दवाइयां और इंजेक्शन प्राप्त किए गए थे।

पुलिस अतुल हत्या में इस्तेमाल किए गए जहरीले सांप और नशीली दवाओं की आपूर्ति करने वाले मुख्य तस्करों तक पहुंच चुकी है, लेकिन अभी इसका आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि कई अहम कड़ियां जुड़ चुकी हैं और शेष राज जल्द पर्दाफाश हो जाएंगे।

परिजनों का आरोप
अतुल के परिजनों ने पुलिस से कहा है कि इस खौफनाक वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हैं। उन्होंने गहरी साजिश रचकर अतुल को रास्ते से हटाया। परिवार का आरोप है कि यह हत्या पहले से प्लान की गई थी।

सीआईओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया, “सर्विलांस टीम, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और मुखबिर तंत्र की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं। सांप और नशीली दवाओं के तस्करों की गिरफ्तारी के बाद पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।”

पुलिस की टीम अभी भी अतुल हत्याकांड के बाकी बचे पहलुओं पर काम कर रही है। मामले की जांच विभिन्न एंगल से की जा रही है, जिसमें वन्यजीव अपराध और ड्रग तस्करी का नेटवर्क भी शामिल है।
अधिक जानकारी और अपडेट के लिए बने रहिए। पुलिस की आगे की कार्रवाई से कई बड़े नाम सामने आने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments