इटावा : इटावा में तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान देने वाले कक्षा आठ के छात्र पिंटू (15) की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इकलौते बेटे को खोने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और घटना की सूचना समय पर न देने का आरोप लगाया है।
मुखिया अड्डा न्यू कॉलोनी निवासी राजेश राठौर के पुत्र पिंटू बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद कक्षा में पानी की बोतल भूल जाने की बात कहकर दोबारा कक्षा में गए। वहां अपनी सीट पर चढ़कर खिड़की खोली और कुछ देर नीचे देखने के बाद अचानक तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। स्कूल स्टाफ ने तुरंत घायल छात्र को बाइक से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मातम, इकलौता बेटा था पिंटू
राजेश राठौर ने बताया कि पिंटू उनकी तीन बेटियों सोनी, मोनिका और नेहा के बीच इकलौता बेटा था। तीनों बहनें भी उसी स्कूल में पढ़ती हैं। बुधवार सुबह पिंटू रोज की तरह बहनों के साथ स्कूल गया था, लेकिन छुट्टी के बाद सिर्फ बहनें घर लौटीं। पिंटू के न पहुंचने पर परिवार चिंतित हुआ, तभी स्कूल से फोन आया कि बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। अस्पताल पहुंचने पर परिवार को सदमा लगा।
मां मालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि दोनों बेटियां घर आ गई थीं, लेकिन पिंटू का इंतजार करते-करते चिंता बढ़ गई।
पढ़ाई का दबाव और पहले भी आत्महत्या का प्रयास
पिता राजेश राठौर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पिंटू के व्यवहार में बदलाव आ रहा था और वह पढ़ाई को लेकर काफी तनाव में रहता था। बुधवार सुबह राजेश खुद स्कूल पहुंचे थे और बेटे की पढ़ाई व व्यवहार को लेकर चर्चा की थी।
राजेश ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले पिंटू ने घर से करीब 70 हजार रुपये निकाल लिए थे। डांटने और पिटाई करने पर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास भी किया था। हाल ही में मंगलवार शाम गणित की ट्यूशन पर ले जाने पर पिंटू सवालों के जवाब नहीं दे पाया। नाराज होकर पिता ने उसका मोबाइल छीन लिया और पिटाई भी की।
स्कूल पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजेश राठौर ने कहा कि स्कूल उनके घर से महज 300 मीटर की दूरी पर है, फिर भी घटना की सही जानकारी समय पर नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि तीसरी मंजिल की खिड़कियों पर जंगला (ग्रिल) नहीं होने के कारण यह घटना हुई। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो इसे रोका जा सकता था।स्कूल प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने बताया कि सुबह छात्र के पिता स्कूल आए थे।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि छात्र ने कक्षा की खिड़की से छलांग लगाई है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया पढ़ाई के दबाव में आत्महत्या की वजह सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374