मेरठ : मेडिकल थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के बहाने युवती को बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाने का मामला पूरी तरह झूठा निकला। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) कार्यकर्ताओं द्वारा दो मुस्लिम युवकों की पिटाई और पुलिस को सौंपने के बाद पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, बुलंदशहर निवासी एक युवती मेरठ के भोपाल विहार क्षेत्र में किराए पर रहकर नौकरी की तलाश कर रही थी। एक सप्ताह पहले फोन पर जीशान नाम के युवक से उसकी बातचीत हुई। शनिवार को जीशान अपने दोस्त शाहनवाज के साथ कार लेकर गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल के पास पहुंचा।
वहां से तीनों भावनपुर गए, जहां मिठाई और कोल्ड ड्रिंक खरीदी गई। युवती के आरोप के अनुसार कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे। इसके बाद आरोपी उसे जागृति विहार एक्सटेंशन ले जा रहे थे।
इसी दौरान सूचना मिलने पर विहिप पदाधिकारी आशीष गुप्ता और अंकित सैनी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार रोककर दोनों युवकों को दबोच लिया, उनकी जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस जांच में खुलासा
जब पुलिस ने युवती से गहन पूछताछ की तो मामला उलट गया। जांच में सामने आया कि युवती का परिचित नकुल पुरानी रंजिश के चलते जीशान को फंसाने की साजिश रच रहा था। नकुल ने युवती को इस नाटक में शामिल किया था। नौकरी दिलाने का पूरा प्रकरण फर्जी था।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि दोनों युवक जीशान और शाहनवाज फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी नकुल की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374