लोहियानगर : हुमायूंनगर में 17 वर्षीय किशोरी सानिया की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव नरहाड़ा गांव के आम के बाग में फेंक दिया गया। पुलिस ने किशोरी के मामा सरताज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने प्रेम प्रसंग के शक में किशोरी के सौतेले भाई सोएब के साथ मिलकर हत्या की। सोएब फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
शनिवार सुबह छह बजे नरहाड़ा गांव के आम के बाग में किशोरी सानिया का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल और लोहियानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी जांच की।
पुलिस ने आसपास के 84 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी बाइक पर शव लेकर जाते दिखे। इससे सरताज की पहचान हुई। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
परिवार की जटिल पृष्ठभूमि
सरताज ने पुलिस को बताया कि किशोरी सानिया उसके बहनोई जावेद की बेटी थी। जावेद कारपेंटर है और उसकी दो शादियां हो चुकी हैं। पहली पत्नी शबनम की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी, उनके दो बच्चे सोएब और शबनूर हैं। दूसरी शादी सरताज की बहन शाहजहां से हुई।
सरताज के अनुसार, किशोरी मोबाइल पर लगातार बातें और चैटिंग करती थी, जिससे पूरा परिवार परेशान था। दो महीने पहले वह बिना बताए कहीं चली गई थी। सरताज ने खुद उसे समझाने की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन फिर भी जब वह मोबाइल पर बात करती रही तो उसने सौतेले भाई सोएब के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
हत्या कैसे हुई?
वारदात शुक्रवार रात हुमायूंनगर स्थित जावेद के घर पर हुई। उस समय जावेद अपनी पत्नी शाहजहां के साथ ससुराल गया हुआ था। आरोपियों ने किशोरी को पीटा और गला दबाकर मार डाला। इसके बाद शव को जावेद की बाइक पर रखकर करीब 5 किलोमीटर दूर नरहाड़ा गांव के बाग में झाड़ियों के बीच फेंक दिया।
पुलिस जांच में पता चला कि बाइक सरताज चला रहा था और शव बीच में बैठाने की स्थिति में रखा गया था, जिससे किशोरी के पैर जमीन पर घिसटते हुए गए।
पुलिस की कार्रवाई
सीओ अभिषेक पटेल ने बताया कि सरताज को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी सोएब की तलाश जारी है। किशोरी के पिता जावेद जब बेटी के लापता होने की तहरीर लिखाने थाने पहुंचा, तब शव की फोटो देखकर उसने पहचान की और पूरा मामला खुल गया।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374