आजमगढ़, 18 अप्रैल 2026 : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अजमतगढ़ क्षेत्र स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के बजाय सफाई और निजी कार्य कराए जाने का मामला सामने आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रधानाध्यापक अवधेश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मामला 10 अप्रैल 2026 को एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सुर्खियों में आया। वीडियो में आरोप लगाया गया कि विद्यालय में बच्चों से नियमित रूप से स्कूल की सफाई, सामान ढुलाई और प्रधानाध्यापक के निजी कार्य कराए जा रहे थे। इसके अलावा, विद्यालय में मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) को बाहर चूल्हे पर बनाए जाने और इसमें वित्तीय अनियमितताओं की भी शिकायत मिली थी।
बीएसए राजीव पाठक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 13 अप्रैल को प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा। उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्हें शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 का उल्लंघन मानते हुए निलंबित कर दिया गया। निलंबन आदेश में कहा गया है कि यह कृत्य शिक्षक पद की गरिमा के विपरीत है।
अवधेश यादव को अब खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अजमतगढ़ से संबद्ध कर दिया गया है। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी हरैया को पूरे मामले की विस्तृत जांच सौंपी है और आरोप पत्र तैयार कर जल्द रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए राजीव कुमार पाठक ने कहा, “विद्यालय में बच्चों से गैर-शैक्षणिक कार्य कराए जाने और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में अनियमितताओं की शिकायत अत्यंत गंभीर है। मामले की जांच के बाद संबंधित प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विद्यालयों में बच्चों के अधिकारों और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।”
.png)
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374