प्रयागराज : फलावदा थाना क्षेत्र के अमरौली गांव के रहने वाले किसान मदनपाल सिंह को महाराष्ट्र पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बताकर साइबर ठगों ने पुलवामा आतंकी हमले में शामिल होने का झूठा आरोप लगाकर 38 लाख रुपये ठग लिए।मदनपाल ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किसान मदनपाल के मुताबिक, 11 फरवरी 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को महाराष्ट्र पुलिस हेडक्वार्टर का उप-निरीक्षक देवेंद्र कुमार बताया।
आरोपी ने कहा कि उनकी टीम ने आतंकियों के ठिकाने पर छापा मारा था, जहां मदनपाल का आधार कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद हुआ है। इससे साबित होता है कि वह पुलवामा आतंकी हमले में शामिल था।
आरोपियों ने व्हाट्सएप पर आतंकियों की तस्वीरें भेजकर दावा किया कि भारत के सैनिकों को मारने में मदनपाल का भी हाथ था। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी को इस बारे में बताया तो कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही कहा कि जब भी वे कॉल करें, उसे अवश्य रिसीव करना होगा, तभी वे मदद कर सकेंगे।
डराया-धमकाया जाने के बाद ठगों ने किसान से लगातार संपर्क बनाए रखा और अंततः 38 लाख रुपये की ठगी कर ली।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने किसान को आगे ऐसे फर्जी कॉल आने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने की सलाह दी है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374