Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

वाराणसी: ईद खत्म होते ही दालमंडी में शुरू हुआ बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान - INA NEWS

वाराणसी: ईद-उल-फित्र के त्योहार बीतते ही दालमंडी में अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई एक बार फिर जोर-शोर से शुरू हो गई है। रविवार सुबह से पीडब्ल्यूडी की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चिह्नित मकानों को तोड़ना शुरू कर दिया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दालमंडी में 200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। पांच थानों की फोर्स मौके पर मौजूद रही। पूरे इलाके को दोनों तरफ से बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर रोक लगा दी गई। पुलिस की ओर से लगातार माइक से घोषणा की जा रही है और लोगों को ध्वस्तीकरण वाले क्षेत्र से हटाया जा रहा है।
दुकानदारों से भी दुकानें खाली करने की अपील की गई। कुछ दुकानदारों ने 24 घंटे की मोहलत मांगी, लेकिन प्रशासन अपनी कार्रवाई में अडिग दिख रहा है।
30 मकानों पर चल रही है कार्रवाई
पिछले अभियान के करीब 30 दिन बाद फिर बुलडोजर और मजदूरों की टीम ने रजिस्ट्री हो चुके मकानों को तोड़ना शुरू किया। अब तक 46 मकानों की रजिस्ट्री हो चुकी है, जिनमें से 30 मकानों पर वर्तमान में ध्वस्तीकरण चल रहा है।
नगर निगम ने पहले ही 22 जर्जर मकानों को गिरा दिया था। पूरी योजना में 181 मकान और 6 मस्जिद चिह्नित हैं।
ध्वस्तीकरण की पूरी प्रक्रिया को ड्रोन से निगरानी में रखा जा रहा है। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि रजिस्ट्री किए गए मकानों को ही तोड़ा जा रहा है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने कहा, “जिन भवनों की रजिस्ट्री कराई गई है, उन्हें ही ध्वस्त किया जा रहा है। ईद के कारण कुछ दिनों के लिए अभियान रोका गया था, अब इसे तेजी से पूरा किया जाएगा।”
कार्रवाई के दौरान एक शवयात्रा मणिकर्णिका घाट की ओर जा रही थी, जिसे पुलिस ने दालमंडी से वैकल्पिक रास्ता देकर निकाला।

Post a Comment

0 Comments