औरैया : औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुर्वा माधोसिंह अड्डा गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान अजय (24) पुत्र सर्वेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि किसी ने उसे मारकर शव को पेड़ पर लटकाया गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामले को पारिवारिक विवाद से जुड़ी आत्महत्या बताया जा रहा है।
परिवार की आपबीती
परिजनों के अनुसार, अजय पिछले छह महीने से अपनी दूसरी पत्नी के साथ दिबियापुर में किराए के मकान में रह रहा था और मजदूरी का काम करता था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खेतों की ओर जाते समय नीम के पेड़ पर लटका शव देखा और सूचना दी।
सर्वेश कुमार (मृतक के पिता) ने बताया कि अजय की पहली पत्नी की करीब पांच साल पहले लंबी बीमारी के बाद मृत्यु हो गई थी। उनके एक 4 वर्षीय पुत्र भी है। अजय ने करीब एक साल पहले अलीगढ़ क्षेत्र से दूसरी शादी की थी। हाल ही में दूसरी पत्नी से अनबन चल रही थी, जिसके चलते वह तनाव में रहता था।
परिवार का आरोप है कि अजय की हत्या कर उसके शव को फंदे पर लटकाया गया है। मृतक के भाई शनि ने डायल 112 पर सूचना दी।
पुलिस जांच
क्राइम इंस्पेक्टर शेर सिंह, हरचंदपुर चौकी इंचार्ज जय सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्राइम निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्रथम दृष्टया यह पारिवारिक कारणों से तनाव में की गई आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374