फतेहपुर : प्रेम प्रसंग को लेकर एक दंपति में आपसी विवाद के बाद पत्नी ने पति के साथ मिलकर प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ग्राइंडर मशीन से टुकड़े-टुकड़े करके जंगल में ले जाकर पेट्रोल डालकर जला दिया। यूट्यूब से सबूत मिटाने के तरीके सीखने वाले इस दंपती को पुलिस ने कॉल डिटेल्स के आधार पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी विजय निषाद (20) पुत्र इंद्रपाल 8 मई को घर से हमीरपुर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद उसका कोई अता-पता नहीं चला। 10 मई को परिजनों ने गुमशुदगी की तहरीर दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के मनकी गांव निवासी कामता निषाद और उसकी पत्नी किरन मुख्य आरोपी निकले। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।
आठ महीने का प्रेम प्रसंग
पुलिस के अनुसार, किरन और विजय के बीच करीब आठ महीने से प्रेम संबंध चल रहे थे। पति कामता गुजरात में नौकरी करता था। उसके अनुपस्थिति में दोनों अक्सर मिलते थे। सोशल मीडिया पर किरन की आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद पति को पता चला। वह नौकरी छोड़कर गांव लौट आया।
पति-पत्नी के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस हुई। इसके बाद किरन ने विजय को फोन कर 8 मई को घर बुलाया। वहां पहले से मौजूद पति कामता ने लकड़ी के चौखट से सिर पर वार कर विजय की हत्या कर दी।
ग्राइंडर से शव के टुकड़े किए
शव को घर में छिपाकर रखा गया। रात में शव को बोरे में भरकर ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन गर्मी के कारण अकड़ने लगा। फिर दंपती ने बाजार से ग्राइंडर मशीन खरीदी और घर में ही हाथ-पैर काट डाले। शव के टुकड़ों को कानपुर के रेउना थाना क्षेत्र के तहरापुर गुरैया जंगल में ले जाकर पेट्रोल छिड़ककर जला दिया।
आरोपियों ने विजय का मोबाइल, पैनकार्ड, एटीएम कार्ड, जूते और चश्मा भी नष्ट कर खेतों में फेंक दिए थे।
यूट्यूब से सीखी हत्या की 'मास्टरक्लास'
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कत्ल का राज खोलते हुए बताया कि उन्होंने यूट्यूब और इंटरनेट से हत्या के बाद सबूत मिटाने के तरीके, पकड़े जाने पर लगने वाली धाराओं, सजा की अवधि और जेल सुविधाओं तक की जानकारी सर्च की थी।
पुलिस ने कैसे पकड़ा?
पुलिस ने विजय के मोबाइल की अंतिम लोकेशन और कॉल डिटेल्स से किरन तक पहुंच बनाई। जब पुलिस ने किरन को फोन किया तो वह घबरा गई और कॉल काट दी। इसी आधार पर दंपती को गिरफ्तार किया गया। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मामले को सुलझाने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
परिजनों का आरोप
विजय के परिजनों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए कहा है कि हत्या में केवल दंपती ही नहीं, अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि गांव के कुछ लोगों ने विजय को कई लोगों द्वारा पीटे जाने की जानकारी दी थी।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374