प्रयागराज : प्रतापपुर-फूलपुर मार्ग पर शनिवार तड़के एक भयानक सड़क दुर्घटना में जौनपुर के प्रसिद्ध सर्राफा व्यवसायी की जान चली गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान प्रेमशंकर वर्मा (56) पुत्र स्वर्गीय पन्नालाल वर्मा, निवासी निगोह, थाना बरसठी, जौनपुर के रूप में हुई है। वे निगोह बाजार में आभूषणों का कारोबार करते थे। परिजनों के अनुसार प्रयागराज के छोटा बघाड़ा इलाके में उनका एक कमरा था, जहां वे व्यापारिक कामों के सिलसिले में नियमित आते-जाते रहते थे।
शनिवार को भोर करीब तीन बजे प्रेमशंकर वर्मा अपने घर से बाइक लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। सुबह लगभग चार बजे जब वे फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बौड़ई गांव के पास बर्जीबरा मौजा पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
प्रेमशंकर वर्मा अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रों अनूप वर्मा और तरुण वर्मा, दो पुत्रियों तथा अन्य परिजनों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
परिवार ने पुलिस से दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
फूलपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और छानबीन तेज कर दी गई है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374