कन्नौज (उत्तर प्रदेश), 14 मई: छोटे से बहाने पर एक व्यक्ति ने टेलर की क्रूर तरीके से हत्या कर दी। लड्डू न खिलाने पर गुस्साए आरोपी ने चप्पलों से पीटने के बाद गमछे से गला घोंटकर दर्जी को मार डाला। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी को शाम तक गिरफ्तार कर लिया है।
मामला कन्नौज शहर के मोहल्ला ताजपुर नौकास्त स्थित कांशीराम कॉलोनी का है। मृतक निजामुद्दीन (45) उसी कॉलोनी में टेलरिंग का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को उन्होंने कॉलोनी के पास ही एक प्लॉट खरीदा था। इस खुशी में बुधवार सुबह करीब 7 बजे वे मोहल्ला शेखाना स्थित अपने दोस्त मुंतजिर के घर लड्डू लेकर गए।
दरवाजा खटखटाने पर मुंतजिर की बहन ने बताया कि भाई घर पर नहीं हैं। निजामुद्दीन साइकिल पर लटके झोले से लड्डू निकाल रहे थे, तभी आरोपी वसीक मुल्ला मौके पर पहुंच गया। उसने लड्डू मांगे, लेकिन निजामुद्दीन ने मना कर दिया। इस पर वसीक भड़क उठा।
आरोपी ने पहले निजामुद्दीन को चप्पलों से बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी धक्का देकर हटा दिया। इसके बाद वसीक मुल्ला ने अपना गमछा निजामुद्दीन के गले में डालकर कस दिया और सड़क पर घसीटा। गला घुटने से निजामुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वसीक मुल्ला का पुराना आपराधिक इतिहास है। वह मात्र 15 दिन पहले जेल से रिहा होकर आया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को देर शाम गिरफ्तार कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज में इस सनसनीखेज वारदात को पूरी तरह रिकॉर्ड किया गया है, जो अब पुलिस के पास सबूत के रूप में मौजूद है। परिजनों ने इस घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए आरोपी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374