प्रयागराज : बुधवार शाम प्रयागराज जिले में आए तेज आंधी और तूफान ने तबाही मचा दी। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक तूफान का प्रलयकारी रूप देखने को मिला। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और चार बच्चे भी शामिल हैं। कई लोग घायल हुए हैं और 20 पशुओं की मौत हो गई।
प्रशासन के अनुसार, तूफान से 16 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचा। बुजुर्गों का कहना है कि इतना भीषण आंधी-तूफान उन्होंने पहले कभी नहीं देखा।
मरने वालों में शामिल प्रमुख नाम:
फूलपुर क्षेत्र : संदीप की पत्नी सविता (30) और उनका 6 वर्षीय बेटा अनुपम, सदानंद (60), दिनेश कुमार, सत्यम (9), संगीता (32) और इंदू पटेल (24)।
मेजा क्षेत्र : अंश कुमार (12), आदित्य (7)।
हंडिया क्षेत्र : बाउल, अनीता देवी, दुर्गा भारतीय, अंजनी, लालजी, राज देवी, झिंगरी।
सदर क्षेत्र : सुमित यादव।
जिला प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने नुकसान का आकलन कराने और प्रभावित परिवारों को मुआवजा वितरित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। टीमों को क्षति सर्वेक्षण के लिए मैदान में भेजा गया है।
तूफान की वजह से बिजली और संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और छतें उड़ गईं। मौसम विभाग ने आगे भी कुछ इलाकों में ऐसी ही घटनाओं की आशंका जताई है।
प्रयागराज के लोगों में इस प्राकृतिक आपदा को लेकर दहशत का माहौल है। प्रशासन घायलों का इलाज मुहैया कराने के साथ-साथ मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद पहुंचाने का दावा कर रहा है।


0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374