Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

बदायूँ : चलती कार में लगी आग, पत्नी जिंदा जलकर मौत, पति झुलसा - INA NEWS

बदायूँ (उत्तर प्रदेश): उसहैत थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना हो गई। लखनऊ से इलाज कराकर घर लौट रहे दंपती की चलती कार में अचानक आग लग गई, जिसमें महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना उसहैत निवासी अर्पित भारद्वाज के साथ हुई। अर्पित अपनी पत्नी प्रिया भारद्वाज को लखनऊ के एक निजी अस्पताल से छुट्टी कराकर देर रात घर वापस ला रहे थे। रात करीब 1:30 बजे उनकी कार उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम रहौटा के पास पहुंची ही थी कि अचानक कार से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में पूरी कार आग की चपेट में आ गई।

अर्पित ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और खुद किसी तरह बाहर निकल आए। उनकी पत्नी प्रिया पीछे की सीट पर सो रही थीं। अर्पित ने पत्नी को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि वह कार के अंदर तक नहीं पहुंच सके। उनकी आंखों के सामने ही उनकी पत्नी जिंदा जलकर मौत के मुंह में समा गई।
पत्नी को बचाने के प्रयास में अर्पित के हाथ, चेहरा और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे अर्पित मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो कार पूरी तरह से जल चुकी थी और अर्पित अचेत अवस्था में पड़े थे।

परिवार में इस हादसे से कोहराम मच गया है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों ने बताया कि प्रिया काफी समय से बीमार थीं और लखनऊ में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के बाद घर लौटते समय यह अनहोनी घटना हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अर्पित भारद्वाज को गंभीर हालत में बदायूँ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि कार में आग लगने का कारण क्या था— शॉर्ट सर्किट या कोई अन्य वजह।

Post a Comment

0 Comments