मेरठ (दौराला): मेरठ जिले के दौराला क्षेत्र में शुक्रवार रात सरकारी देशी शराब के ठेके से खरीदी गई शराब पीने के बाद तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने ठेके के मालिकाना हक रखने वाले भाकियू नेता मिंटू अहलावत के पिता जयपाल अहलावत और दो सेल्समैन को देर रात हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि मूल रूप से भराला गांव के निवासी 55 वर्षीय बाबूराम प्रजापति वर्तमान में दौराला में सरसों की पेराई (स्पेलर) का काम करते थे। शुक्रवार की शाम उनके दोस्त अंकित (45) और जितेंद्र (50), दोनों दौराला निवासी, सरधना रोड स्थित सरकारी शराब ठेके से देसी शराब खरीदकर लाए। तीनों दोस्तों ने साथ बैठकर शराब का सेवन किया। शराब पीने के कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
बाबूराम के बेटे सचिन ने बताया कि हालत बिगड़ते देख उन्होंने तीनों को तुरंत टोल प्लाजा स्थित निजी अस्पताल (आर्यावर्त अस्पताल) में भर्ती कराया। अस्पताल पहुंचते ही अंकित और जितेंद्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि करीब एक घंटे बाद बाबूराम की भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई। डीएम डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएम ने बताया कि ठेके से शुक्रवार को कुल नौ पेटी शराब की बिक्री हुई थी। अब यह जांच की जा रही है कि शेष शराब कहां-कहां गई और क्या अन्य लोगों को भी इसका नुकसान पहुंचा है।
एसएसपी अविनाश पांडेय ने कहा कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ठेके से शराब के सैंपल लेकर जांच करा रही है। परिजनों का आरोप है कि ठेके की शराब मिलावटी या जहरीली थी, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस ने ठेके को तत्काल सील कर दिया है और आगे की जांच में जुटी हुई है। इस घटना से स्थानीय स्तर पर मिलावटी शराब की बिक्री को लेकर रोष व्याप्त है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
.png)
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374