आगरा: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने शुक्रवार को आगरा में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश नफरत की आग में जल रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब उत्तर प्रदेश आते हैं तो उन्हें गांव-गांव केवल कब्रिस्तान और श्मशान दिखाई देते हैं।
संजय सिंह ने संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक से ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद किदवई पार्क में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा को रोजगार, शिक्षा, अस्पताल, स्कूल और सड़क बनाने की कोई चिंता नहीं है। इनकी चिंता सिर्फ गांव-गांव श्मशान बनाने की है।”
उन्होंने भाजपा को ‘भारतीय झगड़ा पार्टी’ करार देते हुए कहा, “इनकी नीति है - झगड़ा कराओ और राज करो। धर्म और जाति के नाम पर लोगों को लड़ाओ।”
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है और युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि नफरत फैलाने के कारण लोग अब कपड़ों से ही पहचाने जाने लगे हैं।
उन्होंने आगे कहा, “यूएई, कतर, बहरीन और अन्य मुस्लिम देशों से गैस और तेल आ रहा है। नफरती लोग इस गैस से खाना न पकाएं।”
संजय सिंह ने अपील की कि अगर लोगों को शांतिपूर्ण माहौल और दिल्ली जैसी बेहतर बिजली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था चाहिए तो आम आदमी पार्टी को समर्थन दें।
उन्होंने योगी सरकार से मांग की कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराए, अन्यथा 10 हजार रुपये प्रतिमाह रोजगार भत्ता दें और इसके बदले दो घंटे सरकारी कार्यालयों में काम करा लिया जाए।
संजय सिंह ने कहा कि देश में ऊर्जा संकट और गैस की भारी किल्लत है। लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़े हैं। यह सरकार की विदेश नीति की नाकामी है। प्रधानमंत्री खुद कह रहे हैं कि देश में कोरोना जैसे हालात हैं।
जनसभा से पहले शहीद स्मारक पर मीडिया से बात करते हुए संजय सिंह ने आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में गैस संकट, पश्चिम बंगाल में वोट घपला, पंजाब में अधिकारों की छीनतान और गुजरात में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न जैसे मुद्दे हैं, लेकिन राघव चड्ढा राज्यसभा में इन मुद्दों को नहीं उठा रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि राघव चड्ढा को पार्टी के उपनेता पद से हटाना चाहिए क्योंकि वे आम आदमी के मुद्दों पर बोल नहीं पा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, “हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। हमने मोदी के खिलाफ लड़ना सीखा है। कई साथी जेल गए, लेकिन हम मोदी के सामने घुटने नहीं टेके।”
.png)
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374