Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

मुरादाबाद : टॉफी खरीदते वक्त 6 वर्षीय बच्चे की करंट से मौत - INA NEWS

मुरादाबाद: कटघर थाना क्षेत्र के छोटी मंडी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टॉफी खरीदने गए मात्र 6 वर्षीय मासूम इस्माइल सड़क किनारे खड़े एक बिजली के पोल को पकड़ते ही करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

इस्माइल इसरार हुसैन का इकलौता बेटा था और चार बहनों का लाडला भाई। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
परिवार के अनुसार, इसरार हुसैन ई-रिक्शा चालक हैं। सोमवार शाम को इस्माइल अपने घर से मात्र पांच रुपये लेकर पास की दुकान से टॉफी खरीदने गया था। दुकान से टॉफी लेकर लौटते समय उसने सड़क किनारे खड़े एक बिजली पोल को पकड़ लिया। पोल में करंट होने के कारण मासूम बच्चा तुरंत झुलस गया और दूर जा गिरा।
मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार वाले बच्चे की चीख सुनकर बाहर निकले और उसे झुलसी हालत में तुरंत दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि जब बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया, तब भी उसके हाथ में दो टॉफियां थीं।
परिजनों ने बताया कि इस्माइल परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी चार बड़ी बहनें हैं। बेटे की अचानक मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। मातम का माहौल छा गया है।
कटघर थाना प्रभारी ने प्रारंभिक जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि पोल में करंट क्यों था और इसकी मेंटेनेंस की जिम्मेदारी किसकी थी।

Post a Comment

0 Comments