Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

श्री गंगानगर : पति के शक ने ले ली विवाहिता की जान - INA NEWS

श्री गंगानगर : एक विवाहिता को उसके पति ने चरित्र पर शक करते हुए रात के अंधेरे में मायके में घुसकर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला का इलाज के लिए बीकानेर ले जाते समय रास्ते में ही निधन हो गया। पुलिस ने मामले को हत्या का रूप दे दिया है।

घटना सदर थाना क्षेत्र के 3 एमएल गांव की है। मृतका पूजा (35) की शादी करीब 15 साल पहले सुल्तान राम (40) निवासी बैरां, पदमपुर से हुई थी। दंपति की तीन बेटियां हैं। परिजनों के अनुसार सुल्तान राम आए दिन पत्नी के साथ मारपीट और बदसलूकी करता था। वह उसके चरित्र पर लगातार शक भी करता था। प्रताड़ना से तंग आकर पूजा करीब तीन महीने पहले अपने मायके 3 एमएल आ गई थी और वहीं रह रही थी।

रात 2:30 बजे हुई वारदात
जांच अधिकारी एसआई सुनील कुमार के अनुसार 10 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे पूजा अपने मायके में अलग कमरे में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी पति छत के रास्ते घर में घुस गया। वह सीधे पूजा के कमरे में पहुंचा, उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और बाइक से मौके से फरार हो गया।

पूजा की चीख-पुकार सुनकर उसके भाई कृष्ण कुमार, पिता कालूराम, मां मीरा देवी और भाभी गुलशना कमरे की ओर दौड़े। उन्होंने देखा कि पूजा आग की लपटों में पूरी तरह घिरी हुई है। परिजनों ने तुरंत कपड़े डालकर आग बुझाने की कोशिश की और किसी तरह लपटें काबू में कीं। इसके बाद गंभीर हालत में पूजा को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया।

अस्पताल में जांच के दौरान पता चला कि महिला के शरीर का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा झुलस चुका है। डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए बीकानेर रैफर कर दिया। परिवार वाले उसे बीकानेर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही पूजा की मौत हो गई।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया
मृतका के भाई कृष्ण कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। महिला की मौत हो जाने के बाद अब इसे हत्या की धारा में बदल दिया गया है। वारदात के दौरान आरोपी पति सुल्तान राम के भी झुलसने की बात सामने आई है। वर्तमान में उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस उसकी हालत स्थिर होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

परिजनों का आरोप है कि पति लंबे समय से पूजा को प्रताड़ित कर रहा था। तीन महीने पहले मायके आने के बाद भी वह शांत नहीं बैठा और आखिरकार इस क्रूर कदम तक पहुंच गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments