प्रयागराज : औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र स्थित एसपी सारटेक्स राइस मिल में नाइट शिफ्ट के दौरान विवाद के बाद एक युवक ने 15 वर्षीय किशोर के शरीर में कंप्रेसर पाइप डालकर मशीन चला दी। हालत बिगड़ने पर किशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मिल में काम करने वाले विशाल (18) पुत्र वसीम अहमद निवासी वार्ड नंबर 10, धूरा टांडा आर, बरेली अंश कुमार (15) पुत्र भीम निवासी ग्राम हरगढ़, मेजा की नाइट शिफ्ट थी। दोनों एक साथ काम कर रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।
इस पर विशाल ने अंश के मलद्वार में राइस मिल में इस्तेमाल होने वाली कंप्रेसर पाइप डालकर मशीन चालू कर दी। किशोर किसी तरह वहां से भागकर कंपनी के कर्मचारी मोहम्मद अमीर के पास पहुंचा और घटना बताते हुए अपनी तबीयत खराब होने की शिकायत की। कर्मचारी उसे निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
किशोर की मौत की सूचना मिलते ही एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह, औद्योगिक क्षेत्र थाने के एसओ कमलेश कुमार और नैनी इंस्पेक्टर बृज किशोर गौतम मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज देखे और नाइट शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की। फोरमैन बंटी सिंह ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच चल रही है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374