आगरा : सुल्तानपुरा क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी को हासिल करने के लिए छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी खुशी और हत्यारा छोटा भाई भोला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दोनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। मृतक अमित उर्फ सोलू (22) थाना सदर क्षेत्र के चिरोटी बाग, क्वालिटी चौराहे के पीछे खेत में बुधवार सुबह लहूलुहान हालत में मिला था। अमित रेस्तरां में काम करता था।
“खुशी ने मेरे छोटे बेटे भोला को जाल में फंसाया। वह अभी कम उम्र का है, उसने गलत विचार भरे और बातों में आकर उसने इतनी बड़ी वारदात कर दी। एक बेटा दुनिया से चला गया, दूसरा पुलिस की हिरासत में है। खुशी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।”
घटना की पूरी कहानी
पुलिस जांच में पता चला कि अमित के छोटे भाई भोला और उसकी पत्नी खुशी के बीच पहले से ही अवैध संबंध थे। शादी से पहले दोनों इंस्टाग्राम पर चैटिंग करते थे। शादी के बाद भी अमित के बाहर जाते ही दोनों साथ होते थे।
अमित ने एक दिन दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया, जिसके बाद पति-पत्नी में लगातार विवाद होने लगे। अमित और भोला के बीच भी झगड़े शुरू हो गए।
खुशी ने अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने मायके से चूहामार दवा (जहर) लाकर रोटियों में मिलाने की कोशिश की, लेकिन उस दिन अमित ने खाना नहीं खाया। इसके बाद खुशी ने भोला को उकसाया और आखिरकार भोला ने बड़े भाई अमित की हत्या कर दी।
आरोपी बिना पछतावे के
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि पति की हत्या की साजिश में पकड़ी गई खुशी के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। मेडिकल के लिए ले जाते समय भी वह बेझिझक पुलिसकर्मियों को पूरी घटना बता रही थी। वहीं भाई का हत्यारा भोला भी जिला अस्पताल में मेडिकल के दौरान मुस्कुराता रहा। पूछताछ में उसने बिना किसी पश्चाताप के सारी बात स्वीकार कर ली।
अमित के बड़े भाई मांगे ने बताया कि खुशी लंबे समय से अमित को मारने की प्लानिंग कर रही थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374