कुशीनगर : शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या प्रकरण में मुख्य आरोपी निलंबित बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शालिनी श्रीवास्तव को गुलरिहा पुलिस ने मंगलवार सुबह दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस करने के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
शालिनी श्रीवास्तव 22 फरवरी 2026 को दर्ज प्राथमिकी के बाद से फरार चल रही थीं। उनके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस अब उन्हें बुधवार को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।
मामला क्या है?
प्रकरण की शुरुआत 21 फरवरी 2026 को हुई जब कुशीनगर जिले के हरैया बुजुर्ग गांव निवासी शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने गुलरिहा क्षेत्र में अपने बड़े भाई के घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। अगले दिन 22 फरवरी को उनकी पत्नी गुड़िया सिंह ने गुलरिहा थाने में तहरीर देकर निलंबित बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह पर गंभीर आरोप लगाए।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन कराने के नाम पर तीन शिक्षकों (कृष्ण मोहन सिंह, ओमकार सिंह और अपर्णा तिवारी) से 16-16 लाख रुपये की मांग की गई थी। शिक्षकों ने गहने गिरवी रखकर और कर्ज लेकर कुल 48 लाख रुपये का इंतजाम किया, लेकिन फिर भी आरोपियों की मांग और मानसिक प्रताड़ना जारी रही।
मृतक शिक्षक की जेब से बरामद चार पन्नों के सुसाइड नोट में कृष्ण मोहन सिंह ने अपनी मौत के लिए शालिनी श्रीवास्तव और संजीव सिंह को जिम्मेदार ठहराया था। सुसाइड नोट में लिखा था कि 20 फरवरी को बीएसए कार्यालय बुलाकर उन्हें अपमानित किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से टूट गए।
वर्तमान स्थिति
निलंबित लिपिक संजीव सिंह अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छानबीन कर रही है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने कहा, “10 हजार इनामी निलंबित बीएसए को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को पूछताछ के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। निलंबित लिपिक की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही वह भी गिरफ्तार हो जाएगा।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374