सहारनपुर/मोहाली : पंजाब के मोहाली बम साजिश मामले की जांच अब सहारनपुर के देवबंद तक पहुंच गई है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी मनी सिंह ने देवबंद के मोहम्मद मोहतसीम का नाम लिए जाने के बाद उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने देवबंद के बचीटी गांव से मोहतसीम को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, मनी सिंह और मोहम्मद मोहतसीम के बीच संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से हुआ था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों की पहचान पाकिस्तान में बैठे कथित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के जरिए कराई गई थी। दोनों के बीच लगातार डिजिटल संपर्क के साक्ष्य भी मिले हैं। मोहतसीम स्थानीय स्तर पर वर्तमान ग्राम प्रधान का भाई बताया जा रहा है।
मोहाली से शुरू हुई कार्रवाई
पंजाब के मोहाली स्थित वाईपीएस चौक फेज-7 क्षेत्र से सुरक्षा एजेंसियों ने पहले तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, बैटरी, तार और अन्य बम बनाने के उपकरण बरामद किए गए थे। मोहाली पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इसी क्रम में पूछताछ के दौरान मनी सिंह के बयान पर सहारनपुर का नाम सामने आया। सूचना पर पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल की टीम देवबंद पहुंची और उत्तर प्रदेश ATS की मदद से मोहतसीम को हिरासत में लिया गया।
जांच के प्रमुख पहलू
- सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि:
- संदिग्धों ने किसी आतंकी नेटवर्क को तकनीकी सहायता तो नहीं दी
- व्हाट्सएप OTP और अन्य डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग हुआ या नहीं
- पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के साथ और क्या लिंक हैं
अभी तक एजेंसियों की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष जारी नहीं किया गया है। डिजिटल साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड्स और सोशल मीडिया एक्टिविटी का विस्तृत विश्लेषण चल रहा है।
एडीजी/एसएसपी स्तर के अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य संभावित सहयोगियों और पूरे नेटवर्क की छानबीन की जा रही है। मोहतसीम से लगातार पूछताछ जारी है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374