Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

उन्नाव : बर्रा हत्याकांड में पुलिस की भूमिका संदिग्ध, आरोपी के स्वागत का वीडियो वायरल - INA NEWS

उन्नाव : उन्नाव की एक युवती का अपहरण कर रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने और शव बुलंदशहर में फेंकने के मामले में तीनों आरोपियों को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया। इस मामले में एक जून का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हत्यारोपी देवकांत को बर्रा थाने के गेट पर इंस्पेक्टर द्वारा स्वागत करते दिखाया गया है।

मूल रूप से उन्नाव की रहने वाली युवती अपनी मां के साथ बर्रा में रहती थी। 24 मई को युवती की मां ने बर्रा थाने में उन्नाव के अस्पताल संचालक देवकांत उत्तम और उसके भतीजे विवेक पटेल के खिलाफ अपहरण व हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

यौन शोषण की शिकायत पर पुलिस की लापरवाही
युवती की मां के अनुसार, 19 मई को बेटी ने उन्नाव की सदर कोतवाली में यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय टालमटोल किया। जब देवकांत को इस शिकायत की जानकारी हुई, तो उसने युवती को मिलने के लिए बुलाया और रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी।

मामले की जांच आगे बढ़ने और युवती के शव की तलाश शुरू होने पर उन्नाव पुलिस ने आखिरकार 19 मई की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के सात दिन बाद भी बर्रा पुलिस हत्यारोपी देवकांत को गिरफ्तार नहीं कर पाई।

वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर का स्वागत
एक वायरल वीडियो में देवकांत कार से उतरते दिख रहे हैं, जबकि बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र श्रीवास्तव उनके स्वागत के लिए कार की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देवकांत काली पैंट, सफेद शर्ट और स्पोर्ट्स शूज पहने हुए हैं। चर्चा है कि आरोपी थाने के पीछे वाले गेट पर इसलिए उतरा क्योंकि वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे।

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने कहा, “इस वायरल वीडियो के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है। यदि ऐसा कोई वीडियो वायरल है तो मामले की जांच कराई जाएगी।”

डीजीपी ने लिया संज्ञान
बर्रा की इस युवती हत्याकांड पर बुधवार को डीजीपी राजीव कृष्णा ने संज्ञान लिया। उन्होंने कानपुर और उन्नाव पुलिस से विस्तृत जानकारी ली और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल, एडिशनल सीपी कानून-व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, डीसीपी साउथ और एसपी उन्नाव से चर्चा की। लापरवाही बरतने पर उन्नाव पुलिस को चेतावनी भी दी गई।

परिवार का आरोप है कि पुलिस की शुरुआती लापरवाही के कारण ही युवती की हत्या हो गई। पूरे मामले की जांच चल रही है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Post a Comment

0 Comments