फतेहपुर : जाफरगंज थाना क्षेत्र के अंगदपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर बुधवार रात एक वृद्ध पशुपालक की सोते समय बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक तक्कीलाल सोनकर (65) पर धारदार हथियार से सिर, चेहरे व अन्य अंगों पर 10 से अधिक गंभीर वार किए गए। उनकी आंखें भी फोड़ दी गईं। पुलिस ने मृतक की पत्नी गुलाबी देवी की तहरीर पर तीन चचेरे भाइयों समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
परिजनों ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब 12 बजे के आसपास हुई। तक्कीलाल अपने घर में सो रहे थे। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 12 से 1 बजे के बीच दो युवक बाइक पर मांझेपुर की ओर से अंगदपुर आते देखे गए थे। करीब दो बजे वही बाइक जोनिहा की ओर लौटती हुई नजर आई।
वर्षों पुराना भूमि विवाद
हत्या का मुख्य कारण तक्कीलाल सोनकर और उनके चचेरे भाई रामखेलावन के बीच 18 बिस्वा रोड किनारे की भूमि को लेकर लंबा विवाद बताया जा रहा है। यह विवाद 2015 के बाद और गहरा गया था। भूमि जोनिहा-अमौली मार्ग से जुड़े लिंक रोड के कारण अत्यंत कीमती हो चुकी है।
तक्कीलाल अपने जीवनकाल में इस संपत्ति को भतीजों के नाम करना चाहते थे, जबकि उनकी पत्नी गुलाबी देवी (जिनकी कोई संतान नहीं है) इसे अपनी भतीजी के नाम करने की इच्छा रखती थीं। विवाद अदालत, पुलिस, राजस्व विभाग और गांव की चौपाल तक पहुंच चुका था। कई बार दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी पक्ष लगातार दबाव बनाता रहा। करीब छह महीने पहले तक्कीलाल की पशुबाड़े के पास बनी कोठरी भी तोड़ दी गई थी।
पहले भतीजे को बनाया था दिव्यांग
भतीजे समरलाल ने बताया कि वर्ष 2021 में भूमि विवाद के चलते बरवा ग्रामीण बैंक से लौटते समय खूंटाझाल के पास उनकी हत्या की साजिश के तहत सड़क दुर्घटना कराई गई थी। इसमें वे गंभीर रूप से घायल हुए और दिव्यांग हो गए। उसके बाद मुकदमे की पैरवी उनके चाचा तक्कीलाल ने संभाली थी। अब चाचा की भी हत्या कर दी गई।
पत्नी गुलाबी देवी ने आरोप लगाया कि घटना वाली शाम दूसरे पक्ष के लोगों ने अदालती तारीख पर जाने के लिए जान से मारने की धमकी दी थी।
परिजनों ने शव नहीं उठने दिया
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए करीब 20 मिनट तक शव उठाने से मना कर दिया। अंत में आश्वासन के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
तक्कीलाल सोनकर कृषि कार्य के साथ पशुपालन करते थे। गांव में इस घटना से दहशत का माहौल है। पुलिस ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374