मेरठ : मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव मुरलीपुर में एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है। पति के साथ चल रही अनबन के गुस्से में एक महिला ने अपने ही 7 माह के मासूम बेटे रुद्रांश का गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके प्रेमी की तलाश जारी है।
पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिजनों ने बच्चे को दोबारा दफना दिया। पुलिस अब हत्यारोपी महिला को लिखित बयान के बाद कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है।
घटना की पूरी कहानी
मुरलीपुर निवासी अमित तोमर (डॉक्टर के यहां ड्राइवर) का विवाह वर्ष 2023 में मुरादाबाद निवासी मीनाक्षी के साथ हुआ था। दंपति के दो बच्चे थे। 30 मई को मीनाक्षी ने अमित को फोन कर बताया कि उनका छोटा बेटा रुद्रांश अचानक बीमार पड़ने से मर गया। अमित सहारनपुर से तुरंत घर पहुंचे। गमगीन माहौल में बच्चे का अंतिम संस्कार कर शव को दफना दिया गया।
लेकिन अंतिम संस्कार के बाद अमित को शक हुआ। जब उन्होंने मीनाक्षी का मोबाइल चेक किया तो पता चला कि उनकी पत्नी का दिल्ली निवासी मोहित नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। व्हाट्सएप चैट में मोहित ने मीनाक्षी के साथ "जीने-मरने" की कसमें खाई थीं।
अमित को मीनाक्षी का व्यवहार भी संदिग्ध लगा। पूरे परिवार के गम में डूबे होने के बावजूद मीनाक्षी का रवैया सामान्य था। जब अमित ने सख्ती से पूछताछ की और पोस्टमार्टम की बात कही तो मीनाक्षी टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
कलयुगी मां का बयान
मीनाक्षी ने बताया कि पति अमित के साथ घरेलू अनबन चल रही थी। इसी गुस्से में उसने छोटे बेटे रुद्रांश का गला घोंटकर हत्या कर दी।
अमित तोमर ने सोमवार को मुंडाली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसी दिन मीनाक्षी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब उसके प्रेमी मोहित की तलाश में जुटी हुई है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374