गोरखपुर: शाहपुर इलाके के बिछिया स्थित ताड़ीखाना के बघेल मैरिज लॉन में शुक्रवार रात बरात के भोजन के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कपड़े पर खाना गिर जाने को लेकर शुरू हुई बहस में एक युवक की पेट में चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई। शादी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।
मृतक की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भोजन के दौरान कपड़े पर खाना गिरने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इसी दौरान कुछ युवकों ने सुमित कुमार के पेट में चाकू मार दिया। चाकूबाजी होते ही बरात में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
घायल सुमित को तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा आफत का पहाड़
सुमित कुमार की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी। उसकी मां रेलवे में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही पूरा परिवार सदमे में आ गया। परिजन और रिश्तेदार रो-रोकर बेसुध हो रहे हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि अन्य आरोपी भी पकड़े जा सकें।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374