जालौन (कोंच): पुलिस पर कार्रवाई का आरोप लगाते हुए एक दिव्यांग व्यक्ति ने मंदिर की दीवार पर सुसाइड नोट लिखकर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
मृतक की पहचान मनोज हिंगवासिया (57) पुत्र प्रताप नगर, कोंच के रूप में हुई है। मनोज विकलांग थे और छड़ी के सहारे चलते थे।
गुरुवार शाम मनोज घर से बिना बताए निकल गए। देर रात तक न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह सीसीटीवी फुटेज में वह कैलिया बाईपास स्थित पंचानन चौराहे की ओर जाते दिखे। हाथ में छड़ी और पानी की बोतल लिए हुए थे।
बाईपास के पास शंकर जी मंदिर के सामने बने कुएं के बाहर उनकी चप्पल, छड़ी, लोअर और पानी की बोतल मिली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने गोताखोर की मदद से कुएं से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप
मनोज के पुत्र प्रखर हिंगवासिया ने बताया कि कुछ दिनों पहले पिता का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान उन लोगों ने दिव्यांग मनोज को जूते-चप्पलों से पीटा। जब मनोज फरियाद लेकर कोंच कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने उल्टा उन्हीं पर मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पिता लगातार तनाव में रहने लगे थे। प्रखर का कहना है कि कुछ लोग समझौते के नाम पर पैसे की मांग कर रहे थे। पुलिस की कार्रवाई और मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर पिता ने यह कदम उठाया। मंदिर की दीवार पर मनोज ने पुलिस के खिलाफ सुसाइड नोट भी लिखा था।
पुलिस की प्रतिक्रिया
सीओ कोंच ने बताया कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374