वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र के शीतल नगर परमानंदपुर में एक 23 वर्षीय बीए तृतीय वर्ष के छात्र ने मंगलवार रात अपने कमरे में छत के पंखे से चादर का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह परिवार के सदस्यों ने जब कमरे का दरवाजा खुलवाया तो युवक का शव लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान अभय जायसवाल (23) के रूप में हुई है। वह शीतल नगर निवासी गोपाल जायसवाल का छोटा पुत्र था। अभय बीए थर्ड ईयर का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ चांदमारी पेट्रोल पंप के पास ‘काशी चाट भंडार’ नाम से चाट की दुकान भी चलाता था।
परिवार की ओर से दी गई जानकारी
परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे अभय दुकान बंद करके घर लौटा। परिवार के साथ रात का भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। कमरे में जाते समय उसने खिड़की अधखुली छोड़ दी और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
बुधवार सुबह जब अभय काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिवार को शक हुआ। सुबह करीब 8 बजे परिजन उसे जगाने पहुंचे। आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अधखुली खिड़की से अंदर झांकने पर अभय का शव छत के पंखे से लटकता हुआ दिखा। देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की सूचना अभय के बड़े भाई प्रभात जायसवाल को दी गई, जो पुलिस विभाग में तैनात हैं और वर्तमान में ज्ञानवापी परिसर में ड्यूटी पर थे। उनके पहुंचने के बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया।
सूचना पर शिवपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अभी तक कारण अज्ञात
पुलिस के अनुसार अभय ने आत्महत्या क्यों की, इसके पीछे कोई स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। परिजनों ने बताया कि वह पिछले दिनों किसी मानसिक तनाव में नहीं दिख रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374