देहरादून : हरिद्वार रोड पर स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को अचानक आग लग गई। इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
जानकारी के अनुसार, आग लगने से अस्पताल में धुआं फैल गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय अस्पताल के आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। धुएं की चपेट में आने से मरीजों और स्टाफ में भारी हड़कंप मचा।अस्पताल स्टाफ, स्थानीय प्रशासन और राहत टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला और अन्य अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया। आग और धुएं से कुछ अस्पताल कर्मचारी भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
महिला की मौत
आग की चपेट में आने से बीरावती नामक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और देर तक मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।
एसएसपी प्रमोद डोबाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374