बागपत/सहारनपुर: पुलिस ने प्रयागराज और सहारनपुर में हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए भाजपा नेता सुधारस चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के बड़ौत रोड स्थित कार्यालय से राखी कश्यप हत्याकांड में प्रयुक्त खून से सना दाव बरामद किया गया है, साथ ही घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे का DVR भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में सुधारस का साथी कपिल चौहान पहले ही गिरफ्तार हो चुका था। उसकी निशानदेही पर शुक्रवार को सुधारस को बागपत के चौहान इन्क्लेव से दबोचा गया। सहारनपुर पुलिस सुधारस को अपने साथ ले गई है।
प्रयागराज के गोविंदपुर निवासी विक्रांत और अर्जुनपुरम की राखी कश्यप के बीच प्रेम संबंध था। दोनों शादी करने वाले थे। 15 अप्रैल की रात राखी के घर पर शादी की खुशी में पार्टी का आयोजन हुआ, जिसमें विक्रांत के साथ भाजपा नेता सुधारस चौहान और कपिल चौहान भी शामिल थे।
पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में राखी ने विक्रांत की जांघ में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। इसके बाद आरोपी विक्रांत को सहारनपुर के बड़गांव ले गए, जहां मुंह पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया।
राखी की हत्या का राज
जब विक्रांत की गुमशुदगी दर्ज कराई गई और पुलिस ने राखी से पूछताछ शुरू की तो सुधारस को फंसने का डर सताने लगा। 25 अप्रैल की रात सुधारस और कपिल चौहान ने राखी को सहारनपुर के रजापुर नौगांव स्थित फार्म हाउस पर ले जाकर पहले चाकू से गला रेत दिया और फिर दाव से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
कपिल चौहान के बृहस्पतिवार को गिरफ्तारी के बाद खुलासा होने पर बागपत और सहारनपुर पुलिस की टीम सुधारस की तलाश में जुट गई। शुक्रवार दोपहर मिली सूचना पर उसे बड़ौत से गिरफ्तार कर लिया गया।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374