जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शादी की खुशी को खून से रंग दिया गया। बरात लेकर जा रहे दूल्हे को नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही बाजार में हुई।
मृतक की पहचान आजाद बिंद (25) पुत्र रामलखन बिंद के रूप में हुई है। वे सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडौर गांव के निवासी थे। आजाद की बरात गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर जम जमदहां स्थित गोरखनाथ बिंद के घर जा रही थी। बरात जब घर से मात्र 5 किलोमीटर दूर बादशाही बाजार पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बैठे दो नकाबपोश बदमाश अपाची बाइक पर सवार होकर आए।
बदमाशों ने दूल्हे वाली कार को ओवरटेक किया और करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली आजाद बिंद को लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरातियों के कुछ समझ पाने से पहले ही हमलावर जौनपुर की ओर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल दूल्हे को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया। वहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात तक क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर सर्किल के सभी थानों की फोर्स तैनात रही। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि शव को संरक्षण में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी एंगल से मामले की छानबीन कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी
घटना में अपाची बाइक का इस्तेमाल किया गया। हमलावर नकाबपोश थे। फायरिंग के बाद वे जौनपुर की तरफ फरार हुए। क्षेत्र में इस घटना से दहशत का माहौल है। लोग इस हत्याकांड के कारणों को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। पुलिस पुरानी रंजिश या किसी अन्य विवाद के एंगल से जांच कर रही है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374