गाजीपुर : गंगौली गांव के खंडहर स्कूल में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मात्र 300 रुपये के छोटे से विवाद में युवक का गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए सिर पर ईंट से वार किया गया और शव को जलाने का भी प्रयास किया गया।
मामले की जानकारी देते हुए कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजनारायण ने बताया कि हत्या के आरोप में हसनपुर गांव निवासी रंजय कुमार उर्फ जब्बर (पुत्र हरिश्चंद्र) को नटवा बाबा रसूलपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
बुधवार सुबह गंगौली गांव के पश्चिमी छोर पर स्थित वर्षों से बंद पड़े खंडहर स्कूल में एक युवक का शव मिला था। खेत की ओर गए ग्रामीणों को दुर्गंध आने पर शव की सूचना मिली। सूचना पर ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
शव की पहचान बाद में हसनपुर गांव निवासी बाल लखन्दर के रूप में हुई। मृतक के पिता गोविंद राम ने पुलिस को तहरीर दी कि उनका बेटा 24 मई की दोपहर घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई अता-पता नहीं चला। बुधवार को खंडहर स्कूल में शव देखकर परिवार को सदमा लगा।
घटना की डिटेल
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी रंजय कुमार उर्फ जब्बर ने 300 रुपये के विवाद में बाल लखन्दर का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव की पहचान छिपाने के लिए सिर पर ईंट से वार किया और शव को जलाने का प्रयास भी किया।
घटनास्थल पर संघर्ष के निशान, धारदार हथियार के घाव, बिखरे बाल और खून से सने कपड़े मिले। कमरे में शराब की बोतलें और खाने-पीने का सामान भी बरामद हुआ, जिससे लगता है कि दोनों वहां पार्टी कर रहे थे।
आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम किया
शव मिलने की सूचना पर आक्रोशित ग्रामीणों ने कासिमाबाद-मोहम्मदाबाद मार्ग पर डाही पुलिया के पास सड़क जाम कर दिया। उन्होंने हत्यारे की गिरफ्तारी और परिवार को मुआवजे की मांग की। क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि और तहसीलदार कौशल चौरसिया के समझाने-बुझाने के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खुला।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और सबूतों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374