गाजीपुर : सुहवल थाना क्षेत्र के गरूआ मकसूदपुर गंगा घाट पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बड़े भाई की शादी के बाद होने वाली पारंपरिक कंकन छुड़ाने की रस्म में शामिल होने पहुंचा 18 वर्षीय युवक गंगा नदी में डूब गया। घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में कोहराम मच गया है।
घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि गरूआ मकसूदपुर गांव निवासी गीता देवी अपने बड़े बेटे की शादी के बाद पूजा-पाठ और कंकन छुड़ाने की रस्म के लिए सुबह गांव की महिलाओं के साथ गंगा घाट पहुंची थीं। उनके साथ उनका छोटा पुत्र परमेश्वर गुप्ता (18) भी गया था।
पूजा के दौरान परमेश्वर गंगा स्नान करने चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घाट से महज 5-7 फीट आगे बढ़ते ही वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बेटे को डूबता देख मां गीता देवी और अन्य महिलाओं ने चीख-पुकार मचाई। महिलाओं ने साड़ी फेंककर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन परमेश्वर साड़ी पकड़ नहीं पाया और गंगा की तेज धारा में समा गया।
घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों, नाविकों और मछुआरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गोताखोरों, नाविकों और पुलिस टीम की मदद से गंगा में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक युवक का पता नहीं चल पाया है।
परमेश्वर परिवार के छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। वह इंटरमीडिएट का छात्र था। उसके पिता जोगिंदर गौतम गांव में मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि अन्य बेटे चेन्नई में निजी नौकरी कर आर्थिक सहयोग करते हैं। बेटे के लापता होने की सूचना मिलते ही मां गीता देवी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर छा गई है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374