वाराणसी : गंगा दशहरा के पावन अवसर पर आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे लोगों के लिए खुशियों का दिन मातम में बदल गया। आदमपुर थाना क्षेत्र के भैंसासुर और सक्का घाट पर गंगा स्नान के दौरान तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। इनमें एक 12 वर्षीय किशोर भी शामिल है। साथ ही चोलापुर क्षेत्र में एक तालाब में नहाने गए युवक की भी डूबने से मौत हो गई।
मंगलवार को भैंसासुर घाट पर पहला हादसा बिहार के दुर्गावती निवासी अभिषेक (20) का हुआ। परिवार के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे अभिषेक गहरे पानी में चले गए। लोगों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
इसी घाट पर दूसरी घटना कोनिया निवासी इवान (12) की हुई। परिवार के साथ नहाते समय वह भी गहरे पानी में डूब गया। आदमपुर पुलिस और गोताखोरों की मदद से उसके शव को बाहर निकाला गया। मंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सक्का घाट पर तीसरी मौत
सक्का घाट पर गोंडा के भाटपुरवा निवासी हरिओम सिंह (24) नहाने के दौरान गंगा की धारा में डूब गए। नाविकों ने उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवारों में कोहराम
तीनों घटनाएं परिवार के सदस्यों के सामने हुईं, जिससे घाटों पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। बच्चों और युवकों के शव देखकर परिजन बदहवाश हो गए।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि घाटों पर अनाउंसमेंट कराया गया था और बेरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद ये हादसे हो गए। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तालाब में डूबने से एक और मौत
इसके अलावा चोलापुर थाना क्षेत्र के औरा गांव में अमृत सरोवर तालाब में नहाने गए प्रेमचंद्र अग्रहरि (26) की भी डूबने से मौत हो गई। सुबह सात बजे तालाब में नहाने गए प्रेमचंद्र गहरे पानी में चले गए।
परिवार ने बताया कि वह अकेले नहाने गए थे। सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बड़े भाई रामचंदर अग्रहरि ने पुलिस को तहरीर दी है।
गंगा दशहरा जैसे पावन अवसर पर इन हादसों ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374