मेरठ : भावनपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला कत्ल का मामला सामने आया है। पिता कपिल भारद्वाज ने अपनी बेटी खुशी उर्फ खुशबू का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पिता ने शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार भी करा दिया।
खुशी ने हत्या से कुछ दिन पहले ही अपनी मौसी को फोन कर अपनी जान का खतरा बताया था। ऑडियो रिकॉर्डिंग में वह रोते हुए कह रही थी- “मामा से कह दो मुझे यहां से ले जाएं, ये लोग मुझे मार देंगे। इन्होंने जीना मुश्किल कर दिया है।
सौतेली मां के आने के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
परिवार के सदस्यों के अनुसार, लगभग चार साल पहले कपिल की दूसरी शादी पिंकी से हुई थी। इसके बाद से सौतेली मां पिंकी और कपिल दोनों मिलकर खुशी का लगातार उत्पीड़न करने लगे थे। खुशी कई बार अपनी मौसी और मामा भूपेंद्र शर्मा (हापुड़ निवासी) को फोन कर प्रताड़ना की शिकायत करती थी।
एक ऑडियो में मौसी खुशी से कह रही हैं कि वह समझदार हो गई है और अपने छोटे भाई की देखभाल करे। खुशी ने जवाब दिया- “मैं भाई का ख्याल तब रख पाऊंगी जब खुद ठीक रहूंगी।”
पिता ने शव का गुपचुप अंतिम संस्कार किया
पड़ोसियों की सूचना पर जब मामा भूपेंद्र शर्मा और परिजन दोपहर साढ़े तीन बजे आरोपी के घर पहुंचे, तब तक कपिल भारद्वाज अपनी बेटी का अंतिम संस्कार कर बृजघाट से लौट चुका था। परिजनों ने जब कपिल और उसकी पत्नी पिंकी पर हत्या का आरोप लगाया तो आरोपी भड़क गए और मारपीट करने लगे। कपिल ने झूठ बोलते हुए कहा कि खुशी की मौत पेट दर्द से हुई है।
ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुलासा
भूपेंद्र शर्मा ने पुलिस को खुशी की ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनाई, जिसमें वह साफ कह रही थी कि उसके पिता और सौतेली मां उसे मार डालेंगे। इसके बाद पुलिस ने कपिल भारद्वाज को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में कपिल ने जुर्म कबूल कर लिया, लेकिन बाद में फिर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि खुशी मोबाइल ज्यादा चलाती थी और स्कूल से शिकायतें आती थीं। पिंकी से भी पूछताछ की जा रही है। वह भी शुरुआत में बीमारी का बहाना बना रही थी।
मुख्य वजह - संपत्ति विवाद
प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि संपत्ति में हिस्सा न देना पड़े, इसलिए खुशी की हत्या की गई। सौतेली बेटी के जन्म के बाद से ही कपिल और पिंकी पहली पत्नी की बेटी खुशी को परेशान करने लगे थे।
2017 में पहली पत्नी की भी संदिग्ध मौत
भूपेंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि 2017 में कपिल की पहली पत्नी प्रीति की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उस समय परिवार वालों ने कहा था कि बेड से गिरकर मौत हुई, लेकिन अब परिजनों का आरोप है कि उसकी भी हत्या की गई थी। खुशी और छोटे भाई राधे के भविष्य को देखते हुए उस समय कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपी कपिल भारद्वाज के पिता शास्त्रीनगर सेक्टर-3 में रहते हैं।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374