कानपुर, 3 अप्रैल 2026: कर्नलगंज पुलिस ने बीती रात ग्वालटोली क्षेत्र के लाल इमली चौराहे के पास हुई बड़ी लूट की वारदात को मात्र कुछ घंटों में सुलझा लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई तीव्र मुठभेड़ में दो शातिर अपराधियों के पैर में गोली लग गई, जबकि तीसरे को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में ज्वेलर्स के ही एक कर्मचारी की साजिश सामने आने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
बेकनगंज में अपनी ज्वेलरी दुकान चलाने वाले रामू केसरवानी अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। जैसे ही वे लाल इमली चौराहे के पास पहुंचे, तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनसे नकदी लूट ली और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित रामू केसरवानी ने तुरंत कर्नलगंज पुलिस को सूचना दी।
देर रात पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि लूट के आरोपी घड़ी चौराहे के पास खड़े हैं। इंस्पेक्टर कर्नलगंज विनीत कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। तीसरे बदमाश को पुलिस टीम ने दौड़कर पकड़ लिया।
तीनों बदमाश शातिर आपराधिक इतिहास रखते हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की गई नकदी और हथियार बरामद कर लिए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि लूट की पूरी साजिश ज्वेलर्स के ही एक कर्मचारी ने रची थी। कर्मचारी ने बदमाशों को रामू केसरवानी के मूवमेंट की जानकारी दी और लूट की रणनीति बनाई। पुलिस अब इस कर्मचारी की तलाश में जुट गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कर्नलगंज थाना प्रभारी ने बताया, “लूट की सूचना मिलते ही हमने त्वरित कार्रवाई की। बदमाशों की फायरिंग का जवाब देते हुए हमने उन्हें घेर लिया। यह पुलिस की सतर्कता और तेजी का नतीजा है कि चंद घंटों में ही मामले का खुलासा हो गया।”

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374