मुहम्मदाबाद गोहना : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। रानीपुर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह बृहस्पतिवार की शाम किसी कार्यक्रम से लौटते समय एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर पीछे से आई तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर में अपनी जान गंवा बैठे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से जा टकराई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और वे मौके पर ही दम तोड़ बैठे।
दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों में हादसे की खबर फैलते ही कोहराम मच गया। ग्रामीणों के अनुसार, धर्मेंद्र अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके परिवार में वृद्ध माता-पिता, पत्नी, तीन वर्ष की बेटी और मात्र आठ माह का मासूम बेटा है। अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे रानीपुर गांव में शोक का माहौल छा गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केके वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374