आगरा के थाना सैंया क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 39 वर्षीय मजदूर लोकेंद्र की अपनी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर निर्मम हत्या कर दी। प्रेम संबंध में बाधा बनने के कारण की गई इस साजिश में शव को सबूत मिटाने के लिए खेत में पेट्रोल और शराब डालकर आग लगा दी गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
बुधवार शाम करीब 7 बजे सैंया के एक खेत में अधजला शव मिला। शव के हाथ पर लोकेंद्र नाम गुदा होने से शुरुआती पहचान हुई। गुरुवार सुबह मृतक के भाई शिवचरन ने शिनाख्त की। लोकेंद्र की 17 साल पहले इरादतनगर में शादी हुई थी। दंपति के तीन बेटियां और एक बेटा है। लोकेंद्र मजदूरी का काम करते थे।
पुलिस जांच के अनुसार, लोकेंद्र की पत्नी को करीब 6 महीने पहले गांव के एक युवक से अवैध संबंध हो गए थे। युवक अक्सर घर आने लगा। जब लोकेंद्र ने इसका विरोध किया और परिवार वालों को बताया, तो पत्नी नाराज हो गई। उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।
बुधवार सुबह 11 बजे लोकेंद्र घर से निकला। पत्नी ने तुरंत अपने प्रेमी को सूचना दे दी। प्रेमी अपने एक साथी के साथ बाइक पर लोकेंद्र को रास्ते में मिल गया। दोनों उसे शराब के ठेके पर ले गए। वहां से शराब की बोतल, फल और पानी के पाउच लेकर तीनों एक सुनसान खेत में बैठ गए।
तीनों ने शराब पी। लोकेंद्र नशे में धुत होने पर प्रेमी और उसके साथी ने उसका गला दबाना शुरू कर दिया। लोकेंद्र ने विरोध किया, तो एक ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए और दूसरे ने गला घोंट दिया। मौत हो जाने के बाद आरोपी बाइक से पेट्रोल निकालकर शव पर डाला और आग लगा दी। पेट्रोल खत्म होने पर शराब भी डाल दी गई। हालांकि शव पूरी तरह नहीं जल सका।
आरोपियों ने बाद में शव को खेत के अंदर फेंक दिया। घटना के समय आसपास कोई नहीं था, इसलिए किसी को तुरंत पता नहीं चला।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और फॉरेंसिक टीम की मदद से मामला सुलझाया। घटनास्थल पर शराब की बोतल और फलों का कागज मिला। आसपास के शराब ठेकों की फुटेज चेक करने पर लोकेंद्र दो अन्य लोगों के साथ दिखा। फल बेचने वाले ठेले वाले ने भी अंगूर खरीदने की पुष्टि की। कॉल डिटेल्स से पत्नी, प्रेमी और साथी के बीच संपर्क साबित हुआ।
एडीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह ने बताया कि एसीपी डॉ. सुकन्या शर्मा, थाना पुलिस और एसओजी की टीम को लगाया गया था। तीनों आरोपियों पत्नी, उसका प्रेमी और प्रेमी का साथी को हिरासत में लिया गया है। शुक्रवार को पुलिस मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।
.png)
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374