Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

देवरिया: पिता की डांट से नाराज किशोरी नदी में कूदी, युवक कुलदीप सिंह की बहादुरी से बची जान - INA NEWS

देवरिया: पिता की डांट से नाराज होकर छोटी गंडक नदी में कूद गई एक किशोरी की जान एक युवक की बहादुरी से बच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने युवक की सराहना की, जबकि कुछ लोगों के वीडियो बनाने का व्यवहार देखकर नाराजगी भी जताई जा रही है।

घटना देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पटनवा पुल के पास शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। किशोरी पिता की डांट से आहत होकर नदी में कूद गई। डूबती हुई किशोरी को बचाने के बजाय नदी के दूसरी तरफ खड़े कुछ लोग मोबाइल पर उसका वीडियो बनाने लगे।

इसी दौरान पथरदेवा निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य राणा प्रताप सिंह के पुत्र कुलदीप सिंह बाइक से गुजर रहे थे। किशोरी को डूबता देख उन्होंने बिना किसी देरी के बाइक किनारे खड़ी की और अपनी जान की परवाह न करते हुए नदी में छलांग लगा दी। कुलदीप सिंह ने किशोरी को पकड़कर सुरक्षित किनारे पर लाया।
किनारे लाने के बाद युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए किशोरी की पीठ पर हथेली से दबाव देकर उसके पेट से पानी निकाला। कुछ देर बाद किशोरी की सांस सामान्य हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रामपुर कारखाना थाने के एसओ अश्वनी प्रधान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक कुलदीप सिंह की बहादुरी की सराहना की। महिला पुलिस की मदद से किशोरी को थाने लाया गया, जहां परिजनों को बुलाकर उसे सौंप दिया गया।

एसओ अश्वनी प्रधान ने बताया कि किशोरी पिता की डांट से नाराज होकर नदी में कूद गई थी। परिजनों को समझा-बुझाकर किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया गया है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग किशोरी की मदद करने की बजाय सिर्फ वीडियो शूट करते रहे, जबकि कुलदीप सिंह ने बिना सोचे-समझे जान जोखिम में डालकर किशोरी को बचाया। सोशल मीडिया पर लोग युवक की साहस की तारीफ कर रहे हैं और साथ ही वीडियो बनाने वालों की निंदा भी कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments