गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गजपुर कटरा बाजार में बुधवार शाम करीब 7 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 30 वर्षीय विवाहित महिला खुशबू राज की अपने ही घर की छत पर चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी उसके पड़ोसी सीताराम को बताया जा रहा है, जिसने वारदात के बाद मौके से फरार होने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, खुशबू उस समय छत पर टहल रही थीं। आरोपी सीताराम बाहर लगी सीढ़ी के रास्ते छत पर चढ़ा और अचानक चाकू से हमला कर दिया। पड़ोसियों ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी ने गिड़गिड़ाती हुई खुशबू पर वार जारी रखा। उसने परिजनों को भी धमकी दी।
घटना के समय खुशबू की ननद रिंकी घर में आराम कर रही थी, जबकि उनके ससुर ओम प्रकाश बाजार गए हुए थे। खुशबू की शादी को करीब 4 साल हो चुके थे और उनका पति दुबई में कार्यरत है। मृतका का मायका बांसगांव थाना क्षेत्र के लाहीडाड़ी गांव में है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने शव घर से बाहर नहीं जाने दिया। कई घंटों की समझाइश के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। घटनास्थल पर एसपी साउथ दिनेश कुमार सिंह, सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह, सीओ दरवेश कुमार समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस ने मृतका की ननद की तहरीर पर हत्या व लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी सीताराम फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। पुलिस खुशबू और आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के व्हाट्सएप चैट रिकवर करने की भी तैयारी है, ताकि हत्या के पीछे का असली मकसद सामने आ सके।
स्थानीय स्तर पर इस घटना को अवैध संबंधों और प्रेम प्रसंग से जोड़ा जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वारदात के बाद पूरा इलाका सदमे में है। परिजन और ग्रामीण अभी भी घटना से उबर नहीं पाए हैं। पुलिस की टीम लगातार आरोपी को पकड़ने और सभी सुराग जुटाने में जुटी हुई है।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374