अलीगढ़ : आईपीएल-2026 सीजन की शुरुआत के साथ ही सट्टेबाजी के काले कारोबार पर अलीगढ़ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। थाना देहली गेट पुलिस ने 1 अप्रैल की रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के एक कुख्यात बुकी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से भारी मात्रा में नकदी और सट्टेबाजी के पुख्ता सबूत बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हाईटेक तरीके से सट्टा चला रहा था। वह मोबाइल ऐप्स और ऑनलाइन आईडी के जरिए ग्राहकों को सट्टा लगवाता था। जांच में उसके मोबाइल डेटा और डिजिटल फुटप्रिंट्स से कई बड़े लेन-देन के खुलासे हुए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी को आज जेल भेज दिया जाएगा और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों तथा नेटवर्क की तलाश जारी है।
आईपीएल शुरू होते ही क्रिकेट सटोरियों का सीजन भी जोर पकड़ चुका है। पहले जहां डिब्बे और मोबाइल कॉल के जरिए सट्टा लगाया जाता था, अब पूरी तरह हाईटेक हो गया है। अब सटोरिए देशभर की ऑनलाइन ऐप्स या स्थानीय बुकीज द्वारा बनाई गई कस्टम ऐप्स के जरिए आईडी बनवाकर ऑनलाइन दांव लगाते हैं।
स्थानीय बुकी दुबई या मुंबई से लाइन लेकर अपनी अलग ऐप चलाते हैं। वे ग्राहकों से एडवांस रकम लेकर रजिस्ट्रेशन करते हैं, मोबाइल में ऐप डाउनलोड करा देते हैं और फिर हार-जीत का पूरा हिसाब ऐप में ही दिखता रहता है। ग्राहक अपनी जमा रकम के हिसाब से ही दांव लगा सकते हैं।
अलीगढ़ में सीजन की शुरुआत में ही हर दिन दो से तीन करोड़ रुपये के दांव लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, यह रकम और बढ़ने की संभावना है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सट्टेबाजी गैरकानूनी है और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आईपीएल के दौरान ऐसे ऑनलाइन नेटवर्क पर नजर रखी जा रही है।
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374