बलिया: बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। मौके से गिरोह के अन्य सात सदस्य भी पकड़े गए। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, कारतूस, चाकू, चोरी का तार और तार काटने के उपकरण बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश शुक्ल ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के सहतवार और बांसडीह कोतवाली पुलिस टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया था। दुधैला अकबरपुर गांव के पास चेकिंग के दौरान दो चार पहिया वाहन समर्थपार की ओर से आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गिरोह के दो सदस्य घायल हो गए। घायलों की पहचान टिंकू शाह (निवासी दुधैला) और शमीम अंसारी (निवासी उमरगंज बहेरी कोतवाली) के रूप में हुई है। दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी।
पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन और यस क्रास गाड़ी भी जब्त की। इनमें से पिकअप से चोरी का तार और यस क्रास गाड़ी से तार काटने का सामान (पिलास, आरी, रबर के ग्लैप्स) बरामद हुआ। सभी गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक-एक चाकू भी मिला।
पूछताछ में पता चला कि टिंकू शाह और शमीम अंसारी ने अपने साथियों के साथ 26/27 मार्च की रात दुधैला और 30/31 मार्च की रात अकबरपुर में बिजली के तार तथा ट्रांसफार्मर के सामान की चोरी की थी।
टिंकू शाह के कब्जे से एक तमंचा व कारतूस और शमीम अंसारी के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा व खाली कारतूस बरामद किए गए।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374