Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

मेरठ : दामाद की हत्या के बाद रिटायर्ड इंजीनियर के बंद घर में लाखों की चोरी - INA NEWS

 मेरठ के शास्त्रीनगर इलाके में एक परिवार पर दोहरी मार पड़ी है। सिंचाई विभाग से रिटायर्ड इंजीनियर बालकृष्ण गोयल के दामाद, जो बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के बायोगैस प्लांट में परियोजना प्रबंधक (डीजीएम) के पद पर तैनात थे, की 12 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सदमे से उबरने के लिए बालकृष्ण गोयल अपनी बेटी को संभालने नोएडा चले गए थे, लेकिन उनके बंद घर में चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूट ली।


रिटायर्ड इंजीनियर बालकृष्ण गोयल ने बताया कि उनके दामाद सुधीर गुप्ता HPCL बदायूं (सैंजनी क्षेत्र) में डिप्टी जनरल मैनेजर के रूप में कार्यरत थे। 12 मार्च को ठेकेदार अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू ने प्लांट में घुसकर सुधीर गुप्ता के साथ-साथ एजीएम हर्षित मिश्रा की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद बालकृष्ण गोयल ने घर पर ताला लगाकर तुरंत नोएडा अपनी बेटी के पास पहुंच गए, जहां वे पिछले एक सप्ताह से शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे थे।

सोमवार को जब वे शास्त्रीनगर स्थित अपने आवास पर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और अलमारी तोड़कर चोरों ने सोने-हीरे की अंगूठियां, एक सोने की चेन और 30 हजार रुपये नकद चुरा लिए। चोरी की कुल राशि लाखों में बताई जा रही है। मंगलवार को बालकृष्ण गोयल ने थाना मेडिकल क्षेत्र पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फिंगरप्रिंट तथा अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं।

बदायूं में सुधीर गुप्ता की हत्या के आरोपी अजय प्रताप सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल करके गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ बुलडोजर एक्शन भी लिया गया, जिसमें उसकी अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया। इस पूरी घटना से शास्त्रीनगर के गोयल परिवार में शोक और आर्थिक नुकसान दोनों का बोझ आ गया है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments