स्थानीय सूत्रों के अनुसार, फोरलेन रोड से सटे गिरिजाशंकर अग्रहरी के कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित सन गैस एजेंसी पर रसोई गैस की किल्लत के चलते प्रतिदिन सैकड़ों उपभोक्ताओं की भीड़ जमा हो जाती है। इससे कॉम्प्लेक्स का मुख्य रास्ता ब्लॉक हो जाता है, जिसके कारण आये दिन विवाद होते रहते हैं।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे गिरिजाशंकर अग्रहरी और उनके पड़ोसी संदीप साहू के बीच रास्ते को लेकर शुरू हुई कहासुनी तेजी से बढ़ गई। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में गिरिजाशंकर अग्रहरी, उनके बेटे धर्मेंद्र अग्रहरी और संदीप साहू सहित कई अन्य लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही महराजगंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र अग्रहरी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कप्तानगंज में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया।
कप्तानगंज के प्रभारी एसओ वीके सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है और ऐसे विवादों को सुलझाने के लिए स्थानीय स्तर पर बातचीत का सुझाव दिया है।
इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि गैस की किल्लत के कारण एजेंसी पर भीड़ का दबाव जारी है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि गैस वितरण व्यवस्था सुचारू की जाए ताकि ऐसे विवादों से बचा जा सके।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374