लखीमपुर : वन व‍िभाग ने ह‍िंसक प्रकृत‍ि के मादा तेंदुआ को मानव और वन्‍य जीव संघर्ष के बाद 550 किलोमीटर दूर से उसके नैसर्ग‍िक आवास से लाकर बनारस से 70 क‍िलोमीटर दूर छोड़ने का फैसला करते हुए रामनगर भेजा है। 

बताया गया क‍ि मझगई रेंज के ग्राम लोहरा बीरान में पांच दिन पहले ग्रामीणों द्वारा पकड़ी गई मादा तेंदुए को दो लोगों को घायल करने के आरोप में 550 किलोमीटर दूर वाराणसी भेजा गया है। हालांक‍ि चंदौली में देर रात ही छोड़ने की जानकारी सामने आई है। 

यह तेंदुआ शनिवार को काशी वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी में लाया गया। इसे मंगलवार को पकड़ा गया था और तब से इसे पिंजरे में बंद करके मझगई रेंज कार्यालय में रखा गया था। शुक्रवार की रात, रेंजर अंकित सिंह की देखरेख में वनकर्मियों की एक टीम ने तेंदुए को वाराणसी के लिए रवाना किया। 

शनिवार को सुबह करीब 11 बजे टीम तेंदुए के साथ वाराणसी पहुंच गई। वहां कुछ समय विश्राम करने के बाद तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें वह स्वस्थ पाई गई। इसके बाद, अधिकारियों के निर्देशानुसार, तेंदुए को काशी वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी (चंद्रप्रभा क्षेत्र चंदौली) ले जाया गया।