शनिवार देर रात मिर्ज़ापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में रीवा-मिर्ज़ापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर एक खौफनाक सड़क दुर्घटना हो गई। कोल्ड ड्रिंक से लदा कंटेनर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे दूसरे कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पीछे वाले कंटेनर के दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसी समय गुजर रहे दो सगे भाई बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
रामपुर जिले के निउसी, मिलक निवासी अरविंद कुमार (36) अपने साथी लालता यादव (50), निवासी खुंटिया, चंदौली के साथ कोल्ड ड्रिंक लदा कंटेनर लेकर हाईवे से गुजर रहे थे। रात करीब 10 बजे जब उनका वाहन घाटी से नीचे उतर रहा था, तभी अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन को काबू में करने की भरसक कोशिश की, लेकिन कंटेनर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर से भीषण टक्कर कर गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों चालक अरविंद कुमार और लालता यादव गंभीर रूप से घायल हुए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इसी दौरान हादसे की जगह से गुजर रहे भदोही के सुभाष नगर, ऊंज निवासी दो सगे भाई अजय और विजय भी इस दुर्घटना की चपेट में आ गए। कंटेनर की टक्कर से उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों भाई गंभीर घायल हो गए ,घटना के बाद घाटी में अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
चिकित्सकों ने अस्पताल में अरविंद कुमार और लालता यादव को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल भाइयों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ड्रमंडगंज थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि पीछे वाले कंटेनर के दोनों चालकों की मौत हो गई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल बाइक सवारों का इलाज चल रहा है और पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374