रायबरेली : रायबरेली में पुलिस ने साइबर फ्रॉड करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी मेट्रोमोनियल साइट पर विदेशी बनकर युवतियों से दोस्ती करते थे।
आरोपी युवतियों को विश्वास में लेते थे। इसके बाद शादी का झांसा देकर महंगे गिफ्ट भेजने की बात कहते थे। गिफ्ट भेजने के बाद गिरोह के सदस्य खुद को कस्टम अधिकारी बताते थे।वे युवतियों को फोन कर गिफ्ट छुड़ाने के लिए टैक्स जमा करने के नाम पर अपने खातों में पैसे मंगवाते थे। बाद में चेक और एटीएम से रकम निकालकर आपस में बांट लेते थे।
यह मामला 21 सितंबर को सामने आया। हरचंदपुर क्षेत्र की ग्रामीण बैंक शाखा जोहवाशर्की में कुछ खाताधारकों के खातों से कथित अनधिकृत लेनदेन की शिकायत मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी रवि कुमार के निर्देश पर एएसपी आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी महाराजगंज प्रदीप कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई हुई। हरचंदपुर, चंदापुर और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 22 सितंबर को दतौली लिंक रोड के पास से चार आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविन्द कुमार, प्रसून जयन्त, शिवा मिश्रा और मिथलेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से साइबर फ्रॉड की रकम और फर्जी दस्तावेज मिले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने देश के कई लोगों के साथ इसी तरह की ठगी की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374