यूपी के सहारनपुर जिले के गंगोह-बिड़ौली मार्ग पर कुंडाबसी गांव में स्थित एक पटाखा फैक्टरी में शुक्रवार शाम को भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में दो ठेकेदारों की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर लापता हैं। धमाके की आवाज करीब पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। फैक्टरी का मलबा और शवों के अवशेष लगभग 600 मीटर दूर तक बिखरे मिले।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे फैक्टरी के एक हिस्से में विस्फोट हुआ। उस समय आतिशबाजी के लिए बारूद का मिश्रण तैयार किया जा रहा था। उसी समय फैक्टरी के दूसरे हिस्से में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट होते ही मजदूरों में भगदड़ मच गई।
बारूद का मिश्रण बना रहे दो ठेकेदार दीपराज (23) और संदीप (25) की मौत हो गई। दोनों मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बांझड गांव (थाना ढोढवा) के रहने वाले थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि दोनों के शरीर के चीथड़े उड़ गए। हाथ, पैर और सिर अलग-अलग हो गए। कुछ अंग आसपास के पेड़ों पर लटके मिले। पुलिस टीम ने अंगों को इकट्ठा कर शवों की पहचान सुनिश्चित की।
लापता मजदूर
फैक्टरी में काम कर रहे दो मजदूर अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। इनमें खरगोन के आकाश और खंडवा के राहुल शामिल हैं। मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि हादसे के समय दोनों मौजूद थे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल रहा है। खोजबीन का काम जारी है।
प्रशासन की कार्रवाई
घटनास्थल पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, एसएसपी अभिनंदन सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। उन्होंने विस्फोट की वजहों की जानकारी ली और मौके का जायजा लिया। डीएम ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं।

0 Comments
Welome INA NEWS, Whattsup : 9012206374