Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

मेरठ : कपसाड़ कांड में मुख्य आरोपी पारस सोम को JJ बोर्ड ने घोषित किया बालिग, अब SC/ST कोर्ट में चलेगी सुनवाई - INA NEWS

मेरठ : सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में 8 जनवरी 2026 को हुई सनसनीखेज वारदात में मुख्य आरोपी पारस सोम को किशोर न्याय बोर्ड (JJ बोर्ड) ने बालिग घोषित कर दिया है। अब इस मामले की आगे की सुनवाई SC/ST कोर्ट में होगी।

वारदात के दिन पारस सोम की उम्र 18 साल 7 महीने से अधिक बताई गई है। मृतका सुनीता के बेटे नरसी कुमार ने बोर्ड के फैसले को सही बताते हुए इंसाफ की उम्मीद जताई है। हालांकि उन्होंने प्रशासन द्वारा घोषित मदद न मिलने पर भी नाराजगी जताई।

क्या हुआ था 8 जनवरी को?
8 जनवरी को गांव के ही युवक पारस सोम पर अनुसूचित जाति की युवती रूबी का अपहरण करने का आरोप है। जब युवती की मां सुनीता ने विरोध किया तो आरोपी ने फरसे से हमला कर सुनीता की हत्या कर दी।

मृतका के बेटे नरसी कुमार ने पारस सोम के खिलाफ हत्या, अपहरण और SC/ST एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन हुए और पुलिस को गांव की नाकेबंदी करनी पड़ी।

वारदात के तीसरे दिन पुलिस ने आरोपी पारस सोम को रुड़की से गिरफ्तार कर लिया और अपहृत युवती रूबी को बरामद करके परिजनों को सौंप दिया।

उम्र को लेकर था पेंच
आरोपी के परिजनों ने दावा किया कि पारस नाबालिग है। उन्होंने हाईस्कूल की अंकतालिका अदालत में पेश की। इसके बाद अदालत ने आरोपी की उम्र निर्धारण के लिए मामले को किशोर न्याय बोर्ड को भेज दिया।

सुनवाई के दौरान स्कूल शिक्षक समेत कई गवाहों के बयान दर्ज किए गए। आरोपी के कक्षा 1 से 4 तक के शैक्षणिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने पर JJ बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व आदेश का हवाला देते हुए मेडिकल परीक्षण कराने का निर्देश दिया।

मेडिकल परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर JJ बोर्ड ने पारस सोम को बालिग घोषित कर दिया।

पीड़ित परिवार की प्रतिक्रिया
मृतका सुनीता के बेटे नरसी कुमार ने कहा कि बोर्ड का फैसला सही है और अब उन्हें पूरे मामले में न्याय मिलने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद प्रशासन द्वारा घोषित आर्थिक मदद और अन्य सहायता अब तक नहीं मिली है।

इस मामले में अब SC/ST कोर्ट में सुनवाई शुरू होगी। पुलिस ने पहले ही आरोपी को जेल भेज दिया है। पूरे मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments