Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

बांदा : लव मैरिज से नाराज पिता ने बदौसा थाने में लड़की की हत्या - INA NEWS

बांदा (उत्तर प्रदेश): बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र के बरछा-बी गांव में प्रेम विवाह की जिद करने वाली 19 वर्षीय युवती शिवानी सिंह की उसके पिता ने थाने के अंदर ही चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार को बदौसा थाने की गैलरी में हुई, जहां युवती अपना बयान दे रही थी और वन स्टॉप सेंटर भेजे जाने की तैयारी चल रही थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता सत्यकुमार सिंह बेटी के प्रेमी के साथ भागने और मंदिर में शादी करने से इतना आहत था कि उसने पहले से पैंट की जेब में चाकू छिपाकर थाने तक ले गया। मौका मिलते ही उसने अपनी बेटी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

घटना का पूरा विवरण
शिवानी सिंह का पड़ोसी गांव के संविदा लाइनमैन रामकृपाल के पुत्र ललित के साथ दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों परिवारों को इसकी जानकारी थी और इस पर कई बार झगड़े भी हो चुके थे।

18 मई की देर रात शिवानी अपने प्रेमी ललित के साथ घर से भाग गई थी। इसकी शिकायत मां रन्नो ने बदौसा थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मध्य प्रदेश के सतना जिले के बरौंधा क्षेत्र से दोनों को पकड़कर थाने लाया।

थाने में पूछताछ के दौरान शिवानी ने धारा 161 के तहत बयान देते हुए कहा कि वह ललित के साथ गई थी और 10 दिन बाद मंदिर में दोनों ने शादी भी कर ली है। पुलिस उसे वन स्टॉप सेंटर भेजने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान पिता सत्यकुमार सिंह ने अचानक चाकू निकालकर बेटी पर हमला कर दिया।

आरोपी पिता ने बाद में बताया:
"मैंने बच्चों को बहुत प्यार से पाला था। शिवानी के इस कदम ने मुझे अंदर से तोड़ दिया। बिरादरी में थू-थू हो रही थी। मैंने कई बार समझाया लेकिन वह नहीं मानी। थाने में जब उसने प्रेमी के साथ जाने की जिद की तो मेरा आपा खो गया।"

फॉरेंसिक टीम का मौका मुआयना
घटना थानाध्यक्ष के कमरे के बगल वाली गैलरी में हुई। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और खून से सना चाकू बरामद किया। युवती को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। रास्ते में ही शिवानी ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने आरोपी पिता सत्यकुमार सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।


Post a Comment

0 Comments